ग्राम सिली में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार...... देखिए खास रिपोर्ट - CG RIGHT TIMES

Breaking


Saturday, February 28, 2026

ग्राम सिली में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार...... देखिए खास रिपोर्ट

 सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट 



मुंगेली - जिले के ग्राम सिली के ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्याओं को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए त्वरित निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गांव का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अब तक नाली निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आवागमन में परेशानी हो रही है।

इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन आज तक नियमित पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। पाइपलाइन बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि गांव की गोचर भूमि को कुछ लोगों द्वारा बेजा कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा है, जिससे पशुओं के लिए चराई की भूमि समाप्त होती जा रही है। गांव में गौठान की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आवारा पशु खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

शासकीय तालाब में पानी की भारी कमी है। तालाब में घास-फूस उग आया है और पानी सूखने की स्थिति में है। तालाब के पास खुदे बोरवेल भी खराब हो चुके हैं, जिनकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके चलते ग्रामीणों को नहाने, धोने और पशुओं को पानी पिलाने में भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही नाली निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था चालू करने, गोचर भूमि की जांच, गौठान व्यवस्था सुधारने तथा तालाब और बोरवेल की मरम्मत कराने की कार्रवाई की जाए।


Pages