शासकीय प्राथमिक शाला पेंड्री में जलभराव से छात्रों की बढ़ी परेशानी, सांप-बिच्छू का खतरा बना चिंता का विषय...... देखिए खास खबर - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Monday, July 20, 2026

शासकीय प्राथमिक शाला पेंड्री में जलभराव से छात्रों की बढ़ी परेशानी, सांप-बिच्छू का खतरा बना चिंता का विषय...... देखिए खास खबर

 सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट 


पथरिया (मुंगेली)। विकासखंड पथरिया अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पेंड्री में जलभराव की गंभीर समस्या के कारण विद्यार्थियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर एवं मैदान में पानी भरे रहने से न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।


विद्यालय के प्रधान पाठक श्री नायक ने बताया कि स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या की जानकारी उन्होंने लिखित रूप से संबंधित अधिकारियों एवं एसडीएम को दे दी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।



स्कूल में अध्ययनरत बच्चों ने बताया कि परिसर में पानी भरा होने के कारण उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। कई बार शौचालय जाने या घर से स्कूल आते समय पानी में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े भीग और गंदे हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में कई विद्यार्थियों को मजबूरन घर लौटना पड़ता है और उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।


बच्चों का यह भी कहना है कि स्कूल परिसर में लगातार पानी जमा रहने के कारण सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीव कक्षाओं के आसपास दिखाई देते हैं, जिससे हमेशा डर का माहौल बना रहता है। वहीं शौचालय के सामने भी पानी भरा होने के कारण उसका उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है।



ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर विद्यालय की मूलभूत समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त परिसर ही बच्चों को पढ़ाई के प्रति आकर्षित करता है, लेकिन जब विद्यालय परिसर ही जलमग्न हो तो बच्चों का मनोबल प्रभावित होना स्वाभाविक है।


स्कूल के सामने बनी गहरी जगहों और मैदान में पानी भरे रहने से विद्यार्थियों को रोजाना पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इन परिस्थितियों में बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास कैसे संभव होगा।


अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और विद्यार्थियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।



एसडीएम पथरिया संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को बात कर तत्काल व्यवस्था करने की बात कही।


Pages