मुंगेली पुलिस ने 8.43 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए नष्ट.....
ऑपरेशन बाज' के तहत 12 मामलों की जब्ती का किया गया निस्तारण.......
CG. Right Times news...........
मुंगेली। शासन के निर्देशों के पालन में मुंगेली पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन बाज" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति की उपस्थिति में 8 लाख 43 हजार 914 रुपये मूल्य के गांजा, ब्राउन शुगर, अफीम और चरस को नष्ट किया गया।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 12 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई। पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए मुंगेली शहर से दूर दीपक इंडस्ट्रीज, नवागढ़ रोड बामपारा स्थित प्लांट की भट्ठी में इन मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया।
नष्टीकरण के दौरान कुल 71.541 किलोग्राम सूखा गांजा (कीमत 6,91,689 रुपये), 55.87 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत 85,805 रुपये), 26.42 ग्राम अफीम (कीमत 26,420 रुपये) तथा 20.18 ग्राम चरस (कीमत 40,000 रुपये) को नष्ट किया गया। इन सभी मादक पदार्थों का कुल अनुमानित मूल्य 8,43,914 रुपये रहा।
इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय, पर्यावरण विभाग के अधिकारी राजाराम वैष्णव, निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक पवन अनंत, आरक्षक वीरेंद्र राजपूत एवं आकाश जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए "ऑपरेशन बाज" के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


