सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
जनपद अध्यक्ष के क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक हरे-भरे पेड़ों की कटाई,अनुमति को लेकर उठे सवाल
![]() |
| कटे हुए पेड़ों की टहनियां |
मुंगेली// जनपद पंचायत अध्यक्ष पथरिया के क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बड़े पैमाने पर हुई पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी संख्या में पेड़ों की कटाई किसकी अनुमति से की गई।
जानकारी के अनुसार, जिस क्षेत्र में पेड़ों की कटाई हुई है वह जनपद पंचायत अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में आता है। ऐसे में मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन किया गया या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
![]() |
| स्लोगन बस दिखावे के,काम इसके ठीक विपरित |
मामले में संबंधित पंचायत सचिव ने बताया कि पेड़ों की कटाई के संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पारित किया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी पेड़ की कटाई से पहले संबंधित विभागीय अधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होता है। अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।
वहीं जनपद अध्यक्ष के क्षेत्र में हुई इस कटाई को लेकर सरपंच का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। सरपंच द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि जांच में पेड़ों की कटाई बिना अनुमति या अवैध रूप से की गई पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं जनपद अध्यक्ष ने इस संबंध में गोलमोल जवाब देकर पल्ला झाड़ लिया।
अब सवाल यह है कि जनपद अध्यक्ष के क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ों की कटाई किसकी निगरानी में हुई और क्या इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति ली गई थी? इस पूरे मामले का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पंचायत सचिव,खेलूराम:- पेड़ कटाई को लेकर करीब छः महीने पहले पंचायत में प्रस्ताव हुआ था, फिलहाल संबंधित अधिकारी से अनुमति ली है कि नहीं इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
अनुविभागीय अधिकारी पथरिया,श्रीमती रेखा चन्द्रा:-मेरे जानकारी के मुताबिक अभी तक ऐसी कोई अनुमति नहीं दी गई,यदि अवैध तरीके कटाई की गई है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी।



