मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली को दी 353.58 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात..........
414 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास,शिक्षा-स्वास्थ्य-सड़क व जल सुविधाओं को मिलेगी मजबूती*
CG. Right Times news.........
मुंगेली, - प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत रविवार को मुंगेली जिला ऐतिहासिक विकास सौगातों का साक्षी बना। विष्णु देव साय ने जिला मुख्यालय स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कुल 414 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 152 करोड़ 2 लाख रुपये से अधिक लागत के 284 कार्यों का लोकार्पण तथा 201 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक के 130 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
विकास कार्यों से बदलेगी जिले की तस्वीर.....
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुष्प वाटिका एवं चौपाटी, नहर, एनीकट, लाइवलीहुड कॉलेज पहुंच मार्ग, भटगांव पहुंच मार्ग, महतारी सदन, छात्रावास भवन, जल जीवन मिशन के कार्य, सामुदायिक भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, प्राथमिक शाला भवन, सांस्कृतिक मंच, सीसी सड़क, अमृत सरोवर और आंगनबाड़ी भवन सहित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इसके अलावा विभिन्न ग्रामों में सीसी सड़क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सड़क निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, फुटपाथ और पुल निर्माण सहित कई कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोतिमपुर, लालपुरथाना, लोरमी, पथरिया और सरगांव का वर्चुअल लोकार्पण भी किया।
संवेदनशीलता और सुशासन हमारी सरकार की प्राथमिकता.........
मुख्यमंत्री विष्णु देव सायं ने कहा कि मुंगेली को मिली यह विकास सौगात जिले के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में भक्त माता कर्मा, बाबा गुरु घासीदास, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं का अनावरण जिले के गौरव को बढ़ाने वाला कदम है।
मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं......
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई नई घोषणाएं भी कीं, जिनमें शामिल हैं—
नवागढ़ रोड में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना हेतु 25 लाख रुपये
मुंगेली में पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भवन निर्माण
मेला नवागांव में बाउंड्रीवाल एवं प्रवेश द्वार निर्माण हेतु 20 लाख रुपये
सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये
इसके साथ ही उन्होंने जिले में चिकित्सा महाविद्यालय की मांग पूरी करने का आश्वासन भी दिया।
हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ.......
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के 282 से अधिक हितग्राहियों को सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की। पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी, मनियारी बैराज प्रभावित परिवारों को प्रतीकात्मक चेक, मछुआरों को मछली जाल एवं आइस बॉक्स, किसानों को मिनी किट तथा श्रमिकों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों अंशुल शर्मा, नंदिता देवांगन, हेमा साहू और चैतूराम साहू को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।

