मुंगेली पुलिस ने राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार.... देखिए खास खबर..... - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Tuesday, August 11, 2026

मुंगेली पुलिस ने राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार.... देखिए खास खबर.....

 मुंगेली पुलिस ने राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार*


200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, नकदी और पिकअप सहित करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त; पथरिया व सिटी कोतवाली के तीन मामलों का खुलासा......


CG. Right Times news............

मुंगेली - पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की नकदी सहित चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत की गई। पुलिस ने थाना पथरिया के ग्राम बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी के मामलों का खुलासा किया है।

तीन राशन दुकानों को बनाया था निशाना....

पुलिस के अनुसार, ग्राम बेलखुरी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5-6 अगस्त की दरमियानी रात 76 कट्टी चावल चोरी किया गया था। इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की सोसायटी से 25 कट्टी चावल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।

वहीं, ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 60 से 70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। तीनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पहुंची पुलिस आरोपियों तक......

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला तथा एसडीओपी हरविंदर सिंह और आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने बेसिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक पुलिस के संदेह के घेरे में आया। पूछताछ में पुलिस को चोरी की वारदातों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले।

पिकअप वाहन से करते थे चोरी....

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खिलेश कौशिक ड्राइविंग का काम करता है और ग्राम बावली निवासी महेंद्र निषाद का पिकअप वाहन किराए पर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे और पिन्टू उर्फ विजय पात्रे से हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आसपास की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की योजना बनाई और चोरी का सामान पिकअप वाहन के माध्यम से ले जाने की योजना तैयार की। 5 अगस्त की रात आरोपियों ने ग्राम कलारजेवरा और बेलखुरी की राशन दुकानों में ताले तोड़कर चावल चोरी किया। इसके बाद 6 और 7 अगस्त की रात पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी की गई।

चोरी का चावल बिलासपुर में बेचने का आरोप...

पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए चावल और शक्कर को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चोरी का चावल बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र के व्यापारियों के माध्यम से बेचने की बात सामने आई है।

पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर से बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त......

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 200 कट्टी चावल (करीब 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, पिकअप वाहन क्रमांक CG-28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, लोहे का सब्बलनुमा रॉड और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

अन्य जिलों में चोरी की वारदातों के भी सुराग...

पूछताछ में आरोपियों से अन्य थाना क्षेत्रों और जिलों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने की बात सामने आई है।

इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में 10 बोरी डीएपी खाद चोरी तथा ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी की घटना में भी आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी...

पुलिस ने इस मामले में खिलेश कौशिक (22), राजू श्रीवास (20), महेंद्र निषाद (21), तीनों निवासी ग्राम बावली, तथा व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा (50), निवासी जुनापारा, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपियों की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।

सीसीटीवी लगाने की अपील.........

एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें। उन्होंने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है, ताकि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके।

इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, थाना पथरिया प्रभारी उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और पथरिया थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Pages