मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली में महापुरुषों की प्रतिमाओं का किया अनावरण..........
बाबा साहब अंबेडकर, गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा को किया नमन,........
CG. Right Times news..............
सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश*
मुंगेली - विष्णुदेव साय ने रविवार को मुंगेली प्रवास के दौरान नगर के विभिन्न चौक-चौराहों में स्थापित महापुरुषों एवं संतों की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर में उत्साह, श्रद्धा और गौरव का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कलेक्टोरेट परिसर के समीप भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की। उनका जीवन शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणादायी मिसाल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने दाऊपारा स्थित बाबा गुरु घासीदास की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संतों और महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी तक उनके आदर्शों को पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने पड़ाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने महाराणा प्रताप को भारतीय इतिहास का महान योद्धा बताते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने रायपुर रोड तिराहा में भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा सेवा, श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को मानव सेवा, भक्ति, परोपकार और संस्कारों की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक एवं धार्मिक वातावरण बना रहा। विभिन्न समाजों एवं संगठनों के लोगों ने प्रतिमा स्थापना की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

