टेकचंद करड़ा तखतपुर
बिलासपुर - तखतपुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू का खतरा अब बढ़ता नजर आ रहा है। बिलासपुर में हाल ही में बर्ड फ्लू के मामलों के बाद अब इसका असर तखतपुर के आसपास भी देखने को मिला है। ग्राम नगोई बाईपास के पास मुख्य मार्ग से करीब आधा किलोमीटर पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बोरी में भरकर मृत मुर्गियों को फेंक दिया गया।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो हैरान रह गए। बोरी में भरी मुर्गियों को आसपास घूम रहे कुत्ते नोच-नोचकर खा रहे थे, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है। यह घटना स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और स्वास्थ्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्षेत्र में करीब 4-5 पोल्ट्री फार्म होने के कारण इस तरह की घटनाएं मुर्गी पालन व्यवसाय के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं। वहीं, नवरात्रि के बाद चिकन खाने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
