धान खरीदी में भाजपा सरकार की नाकामी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का बड़ा आंदोलन.........
CG. Right Times news............
10 फरवरी को मुख्यमंत्री निवास घेराव, तारीख बढ़ाने की मांग............
दुर्ग, - छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के लाखों किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा गया है, इसके बावजूद सरकार ने 6 फरवरी को धान खरीदी बंद कर किसानों के साथ अन्याय किया है। इसी के विरोध में 10 फरवरी को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
*आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि*- सरकार ने 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी शुरू की थी, लेकिन बेहद कम समय में इसे बंद कर दिया गया, जबकि आज भी किसान धान लेकर खरीदी केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि किसानों के खिलाफ सुनियोजित साजिश है। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों को सरकार ने सड़क पर खड़ा कर दिया है। यदि धान खरीदी की तारीख तत्काल नहीं बढ़ाई गई, तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर निर्णायक संघर्ष करेगी।
*प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया ने कहा*- कि धान बेचने के बाद भी किसानों को पूरा भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
“किसानों को सुबह 6 बजे से को-ऑपरेटिव बैंकों के बाहर लाइन में खड़ा रहना पड़ता है और एक बार में केवल 25 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं। सरकार ने साजिश के तहत छोटे किसानों से जबरन रकबा समर्पण करवाया, खरीदी केंद्रों की दैनिक लिमिट घटाई और टोकन व्यवस्था को जानबूझकर बिगाड़ा है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि पटवारी, आरआई और तहसीलदार किसानों के घर जाकर भौतिक सत्यापन कर रहे हैं, क्या सरकार की नजर में किसान चोर हैं?
*दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने कहा*- कि किसान-विरोधी नीतियों ने हालात और बत्तर कर दिए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के कृषि उत्पादों पर 0 प्रतिशत टैरिफ लगाने की तैयारी से भारतीय किसानों की कमर तोड़ने की साजिश की जा रही है।
“छत्तीसगढ़ में करीब 3 लाख किसान धान बेचने से वंचित रह गए हैं। जिन किसानों ने कर्ज लिया है, वे उसे कैसे चुकाएंगे? यदि किसी किसान ने आत्महत्या की, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।”
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि जबरन रकबा समर्पण करवाने के लिए सरकार किसानों से माफी मांगे, सभी किसानों के लिए समुचित टोकन व्यवस्था लागू करे और धान खरीदी की 6 फरवरी को समाप्त की गई समय सीमा को बढ़ाकर कम से कम 28 फरवरी तक किया जाए, ताकि प्रदेश का किसान अपना एक-एक दाना बेच सके।
*लोकसभा महासचिव ज्ञानप्रकाश तिवारी ने बताया*- कि 10 फरवरी को दुर्ग और बेमेतरा जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता, किसान संगठन के पदाधिकारी और किसान रायपुर पहुंचेंगे। इस आंदोलन में दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल, लोकसभा महासचिव ज्ञानप्रकाश तिवारी, वरिष्ठ किसान नेता सतीश साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष एवं भिलाई नगर प्रभारी शिवा रायडू, जिला अध्यक्ष रवि साहू, जिला महासचिव अजय रामटेके, SC प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिवाकर ठाकुर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष लक्ष्मी निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि यदि सरकार ने किसानों की मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
