बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग का डिजिटल नवाचार:........
अनुभव’ क्यूआर कोड लॉन्च, अब आमजन सीधे दे सकेंगे आईजी को फीडबैक........
CG. Right Times news........
बिलासपुर - पुलिस रेंज में पारदर्शी, उत्तरदायी और जन-केन्द्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह अभिनव व्यवस्था आम नागरिकों को थानों एवं पुलिस कार्यालयों से जुड़े अपने अनुभव सीधे पुलिस महानिरीक्षक तक पहुंचाने का अवसर देगी।
इस नवाचार का शुभारंभ आज दिनांक 5 फरवरी को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही।
वहीं बिलासपुर रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।
क्यूआर कोड स्कैन कर देंगे फीडबैक.......
‘अनुभव’ क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से नागरिक अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। यह फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज होगा। फीडबैक देने वाले नागरिक अपनी पहचान एवं मोबाइल नंबर गोपनीय भी रख सकते हैं, जिससे निर्भीक और निष्पक्ष प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
तकनीक से सशक्त होगी पुलिस: आईजी गर्ग......
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जो इस प्रणाली के प्रणेता भी हैं, ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पुलिस का तकनीकी रूप से सशक्त होना आवश्यक है। ‘अनुभव’ पहल के माध्यम से आमजन सरल तकनीक के जरिये पुलिस के साथ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे, जिससे पुलिस व्यवस्था में निरंतर सुधार संभव होगा।
उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों के प्रत्येक थाने में क्यूआर कोड प्रणाली लागू कर दी गई है।
बिना दफ्तरों के चक्कर, सीधे पहुंचेगी बात.....
जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम नागरिक बिना वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगाए अपनी समस्याएं और अनुभव सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। वहीं संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन ने कहा कि नवाचार समय की आवश्यकता है और चूंकि पुलिस जनता की सेवक है, इसलिए उसके कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के माध्यम से होना चाहिए।
थानों की व्यवस्था में होगा वास्तविक सुधार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड लगाए जा चुके हैं। थानों में आने वाले फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने इसे पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सार्थक पहल बताया।
*अन्य जिलों के एसपी ने भी रखे विचार........
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए ‘अनुभव’ प्रणाली को पुलिसिंग में गुणवत्ता सुधार और रियल-टाइम समस्याओं की पहचान के लिए उपयोगी बताया।
गरिमामय आयोजन, वीडियो प्रेजेंटेशन भी हुआ.....
कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड का विधिवत शुभारंभ रिबन काटकर किया गया तथा ‘अनुभव’ प्रणाली की उपयोगिता पर आधारित वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं प्रिंट व सोशल मीडिया के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, सकारात्मक एवं वास्तविक फीडबैक साझा करें और पुलिस व्यवस्था में सुधार के सहभागी बनें। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
आज से ही बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है।



