जिला स्काउट्स एवं गाइड्स मुंगेली में वित्तीय अनियमितताओं पर जांच की मांग
CG. Right Times news............
युवा कांग्रेस ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन.......
मुंगेली- जिला अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के संचालन में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच करने की मांग गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2022 से 2025 के बीच संगठन के महत्वपूर्ण पदों—अध्यक्ष एवं सचिव—की नियुक्तियों में निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। विशेष रूप से पूनम शर्मा को सचिव नियुक्त किए जाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रथम दृष्टया यह नियुक्ति संगठन के बायलॉज के विरुद्ध प्रतीत होती है।
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी आरोप लगाया कि पूनम शर्मा एवं मोरध्वज सप्रे द्वारा संगठन की राशि का मनमाने ढंग से उपयोग किया गया। बिना उचित ऑडिट एवं सक्षम प्राधिकरण की स्वीकृति के बिल-वाउचर्स के माध्यम से बड़ी राशि का आहरण किया गया, जो सरकारी एवं संगठनात्मक धन के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है।
इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों से संगठन की आय-व्यय का विवरण एवं ऑडिट रिपोर्ट न तो प्रस्तुत की गई है और न ही इसे सार्वजनिक रूप से पारदर्शी रखा गया है। इस संबंध में नगर पालिका पार्षद अजय साहू ने कहा कि शासन की राशि का दुरुपयोग हुआ है, जिसकी तीन बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि पूनम शर्मा एवं मोरध्वज सप्रे द्वारा किए गए समस्त भुगतानों के मूल बिल-वाउचर एवं चेकबुक की जांच की जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा गबन की गई राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अजय साहू (पार्षद, नगर पालिका मुंगेली), नरसिंह निषाद (युवा नेता), प्रिंस यादव, जय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

