कलेक्टर कुन्दन कुमार का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, 25 अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश......
CG. Right Times news......
मुंगेली, - जिला कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न विभागों और शाखाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और कामकाज की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समयबद्धता, पारदर्शिता और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने नजूल शाखा, भू-अभिलेख शाखा, शिक्षा विभाग, डीएमएफ शाखा, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता विभाग, आदिवासी विकास विभाग, अंत्यावसायी विभाग, रीडर व आवक-जावक शाखा, समाज कल्याण विभाग, वरिष्ठ लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष और आबकारी विभाग सहित कई कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे पाए, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए 25 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दायरे में समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी श्री देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री किशोर राजपूत, सहायक प्रबंधक श्री उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा की अधीक्षक रिचा गुप्ता, सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड-02 व 03, स्टेनोटाइपिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों की कार्यक्षमता बढ़ाने और आमजन को बेहतर सेवाएं देने के लिए अनुशासन और समयपालन अत्यंत आवश्यक है। लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

