सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 7 दिन तक कैशलेस इलाज..........
iRAD–eDAR योजना पर मुंगेली में कार्यशाला आयोजित..........
CG. Right Times news...........
मुंगेली - सड़क दुर्घटनाओं में घायल पीड़ितों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई! कैशलेस उपचार योजना–2025 को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु मुंगेली जिले में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई।
कार्यशाला में रायपुर से आए NIC के तकनीकी डायरेक्टर श्री अरविंद यादव एवं SRM नवा रायपुर श्री सारांश सिरके मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को iRAD, eDAR एवं TMS ऑनलाइन एप्लिकेशन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के त्वरित पंजीकरण एवं पीड़ितों के उपचार की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य वक्ताओं ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। iRAD और eDAR जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम किया जा सकेगा।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की जा रही इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान किया जाएगा। इसके लिए दुर्घटना की सूचना 24 घंटे के भीतर अस्पताल द्वारा ऑनलाइन दर्ज करना आवश्यक होगा। उपचार राशि की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना निधि (Motor Vehicle Accident Fund) से की जाएगी।
इस कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री मयंक तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी श्री असीम माथुर, सीएमएचओ मुंगेली सुश्री शीला शाहा, जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, जिले में संचालित निजी अस्पतालों के संचालक तथा पुलिस विभाग के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के तहत सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ितों को समयबद्ध, प्रभावी एवं कैशलेस उपचार सुनिश्चित करना बताया गया।

