गुरु घासीदास जयंती पर पंथी कलाकार लक्ष्मीकांत जड़ेजा सम्मानित........
CG. Right Times news..........
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया सम्मान.........
लोरमी - में संत शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 13 जनवरी 2026 को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसके पश्चात चौका पूजन एवं सतनाम शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समस्त सतनामी समाज लोरमी तथा पंथी पार्टी भटगांव अखाड़ा दल, जिला मुंगेली की अगुवाई में नगर भ्रमण किया गया।
इस अवसर पर पंथी पार्टी भटगांव के कलाकारों द्वारा मनमोहक पंथी नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसमें अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। पंथी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम में माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, माननीय विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों का स्वागत उद्बोधन किया गया। संत गुरु घासीदास के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए लक्ष्मीकांत जड़ेजा, अध्यक्ष लोक सांस्कृतिक खेल एवं मानव कल्याण समिति, पंथी पार्टी भटगांव को पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा सम्मानित किया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मीकांत जड़ेजा पिछले 10 वर्षों से लगातार मुंगेली जिले में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करते आ रहे हैं। वे अब तक 5 बार राज्य स्तरीय पंथी पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। इसके अलावा 25 दिसंबर को आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में पंथी नृत्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर उन्होंने मुंगेली जिले को गौरवान्वित किया है। जड़ेजा द्वारा छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी पंथी नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा चुकी हैं तथा लगभग 300 से अधिक स्थानीय एवं सामाजिक आयोजनों में उन्हें पुरस्कार व सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
गुरु घासीदास जयंती के इस आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और मानवता के संदेश को मजबूती से प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ।
