झझपुरी जैतखाम आगजनी मामले का खुलासा, आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार, भेजा गया जेल...... देखिए खास खबर.......... - CG RIGHT TIMES

Breaking


Tuesday, January 20, 2026

झझपुरी जैतखाम आगजनी मामले का खुलासा, आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार, भेजा गया जेल...... देखिए खास खबर..........

झझपुरी जैतखाम आगजनी मामले का खुलासा, आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार, भेजा जेल..........


CG. Right Times news............

मुंगेली/लोरमी।थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम झझपुरी में धार्मिक आस्था के प्रतीक जैतखाम (जैतस्तंभ) को जलाने की घटना का मुंगेली पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राजेश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

दिनांक 16–17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात ग्राम झझपुरी के ठाकुर देव चौक स्थित जैतखाम को अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था। इस संबंध में सूचनाकर्ता अंगद अंचल पिता देवल अंचल, उम्र 37 वर्ष, निवासी झझपुरी कला, की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326 (जी) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी और साक्ष्यों से हुई पहचान.......

पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के लोगों के कथन दर्ज किए गए और समीप स्थित मेडिकल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज और ग्रामीणों की पहचान के आधार पर घटना के बाद संदिग्ध रूप से भागते दिखे व्यक्ति की पहचान राजेश साहू पिता स्व. दाउलाल साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी झझपुरी कला के रूप में हुई।

पूछताछ में किया अपराध स्वीकार..........

संदेही को तलब कर पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि ग्राम झझपुरी में आयोजित जयंती कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में होने की बात कहकर उसके साथ मारपीट की गई थी, जिससे वह क्षुब्ध हो गया और बदले की भावना से जैतखाम को जला दिया।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मिट्टी तेल (केरोसिन), माचिस तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किए गए। आमजन की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को 20 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

समय सीमा से पहले गिरफ्तारी........

उल्लेखनीय है कि सतनामी समाज द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन की समय-सीमा दी गई थी, लेकिन मुंगेली पुलिस ने उससे पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और समाज से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस कार्यवाही में भूमिका रही......

इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी थाना लोरमी), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल), निरीक्षक रघुवीर चंद्रा (प्रभारी थाना चिल्फी), उप निरीक्षक अमित गुप्ता, उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, उप निरीक्षक सतेंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Pages