सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
एफआईआर दर्ज, 04 आरोपी गिरफ्तार
धान परिवहन में धोखाधड़ी से शासन को 8.14 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति
मुंगेली//जिले में धान के अवैध ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग एवं फर्जी परिवहन की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर की गई जांच में यह सामने आया कि धान उठाव करने वाले वाहनों द्वारा निर्धारित क्षमता से 200 प्रतिशत से लेकर 1116 प्रतिशत तक ओवरलोडिंग कर अवैध परिवहन किया गया।
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देश पर खाद्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए धान खरीदी एवं परिवहन में व्यापक फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की मिलीभगत से शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है।
इस गंभीर प्रकरण में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ आरोपी अभी फरार हैं।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों द्वारा जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, पीडीएस चावल का वितरण नहीं किया गया, फर्जी वाहन नंबरों से धान परिवहन दर्शाया गया तथा वास्तविक मात्रा से अधिक धान उठाव दिखाकर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया गया। कुल मिलाकर लगभग 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी एवं परिवहन में घोटाले के प्रमाण मिले हैं।
प्रकरणों में—
नवागांव घुठेरा समिति द्वारा उपलेटा राइस मिल से मिलीभगत कर 74 जीपीएस युक्त एवं 40 से अधिक बिना जीपीएस वाहनों से धान परिवहन,
सिंघनपुरी केंद्र द्वारा एसएस फूड के साथ मिलकर 4,542 क्विंटल धान का बिना जीपीएस परिवहन,
छटन उपार्जन केंद्र द्वारा दीपक राइस मिल एवं नवकार मिल से मिलकर 3,589 क्विंटल धान का अवैध परिवहन,
झगरहट्टा उपार्जन केंद्र द्वारा वर्धमान राइस मिलर्स से मिलीभगत कर अनियमितता
पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
इन मामलों में उपलेटा एवं वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी ..अब्दुल सत्तार पिता गुलाम कादर निवासी दाऊपरा
विकास पांडेय पिता विनय पाण्डेय निवासी भटगांव मुंगेली,
महावीर जैन पिता ललित जैन, संतोष साहू पिता बलदाऊ, श्रीधर परिहार पिता हितकिशोर ,वहीं अब्दुल समद, ललित जैन, नवेन्द मेनन एवं अनिल जांगड़े फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज
थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 12/2026 एवं थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भी धान उपार्जन केंद्रों में फर्जी परिवहन, धोखाधड़ी एवं अनियमितता के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा फर्जीवाड़ा कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
