राशन दुकान चोरी का खुलासा: 22 क्विंटल चावल सहित 1.52 लाख की संपत्ति जब्त.......
CG. Right Times news............
चार आरोपी जेल, एक अपचारी बालक बाल संरक्षण गृह भेजा गया.......
मुंगेली - थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने ग्राम चमारी (टिंगीपुर) स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 क्विंटल चावल और घटना में प्रयुक्त एक ऑटो सहित कुल 1 लाख 52 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में चोरी व संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना-चौकी प्रभारियों एवं साइबर सेल को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को प्रार्थी परमेश्वर साहू (45 वर्ष), निवासी टिंगीपुर (चमारी) ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को राशन वितरण के बाद शासकीय उचित मूल्य की दुकान को बंद कर दिया गया था। 17 जनवरी 2026 को ग्राम के पंच और सरपंच द्वारा सूचना मिली कि राशन दुकान के गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की गई है। जांच करने पर 28 क्विंटल चावल और 250 किलोग्राम शक्कर, कुल कीमत 74 हजार 250 रुपये की चोरी होना पाया गया।
इस रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
*तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना से खुलासा.....
विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं मार्गदर्शन अधिकारी श्री मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात को मिलकर राशन दुकान का कुंडा तोड़कर अंदर घुसना और 44 बोरियों में भरे 22 क्विंटल चावल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आकाश सिंह क्षत्रीय (20 वर्ष), योगेंद्र साहू उर्फ जानू (22 वर्ष), जगदीश प्रसाद साहू उर्फ जीवन (18 वर्ष), श्रवण यादव (20 वर्ष) सभी निवासी चमारी (टिंगीपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका........
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली), प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, दिलीप साहू, रविकुमार जांगड़े, चंद्रप्रकाश ध्रुव, आरक्षक अजय चंद्राकर, अरुण साहू, रवि श्रीवास एवं संजय यादव की भूमिका सराहनीय रही।
मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके।
