सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
मुंगेली- मुंगेली जिले के पथरिया जनपद मुख्यालय अंतर्गत तखतपुर–पथरिया मुख्य मार्ग पर संचालित देसी एवं अंग्रेजी शराब की शासकीय दुकान अब आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। शराब दुकान के दोनों ओर सड़क किनारे बिना किसी अनुमति के बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें और ठेले लग रहे हैं, जिससे यह प्रमुख मार्ग दिनभर अवरुद्ध रहता है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उक्त मार्ग पथरिया क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रतिदिन 15 से 20 गांवों के ग्रामीण इसी रास्ते से होकर जनपद मुख्यालय पहुंचते हैं। थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय सहित स्कूल और कॉलेज जैसे प्रमुख शासकीय एवं शैक्षणिक संस्थान भी इसी मार्ग पर स्थित हैं। ऐसे में मार्ग पर फैली अव्यवस्था आम नागरिकों की दैनिक आवाजाही को प्रभावित कर रही है।
सुबह से देर शाम तक शराब दुकान के आसपास मदिरा प्रेमियों की भीड़ लगी रहती है। नशे में धुत लोगों के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असहज और भयपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस गंभीर समस्या को लेकर समाचार माध्यमों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद नगर प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अवैध अतिक्रमण, ठेलों की भरमार और शराबियों की भीड़ के चलते सड़क पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं की है, जिन्हें प्रतिदिन इसी अव्यवस्थित और असुरक्षित मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। अभिभावकों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि प्रशासन की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को खतरे में डाल रही है।
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि आखिर प्रशासनिक अधिकारियों की नींद कब खुलेगी? कब इस मुख्य मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु की जाएगी और आमजन, महिलाओं व विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा? यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी किसकी होगी?
अब पथरिया की जनता प्रशासन से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रही है।
टैग :
पथरिया, मुंगेली, शराब दुकान, अवैध अतिक्रमण, मुख्य मार्ग, प्रशासनिक लापरवाही, जनपद मुख्यालय, सड़क सुरक्षा, छात्र-छात्राएं, महिला सुरक्षा, स्थानीय खबर
