धान खरीदी में लापरवाही पर सख्ती: बांकी केंद्र प्रभारी हटाए गए, नोटिस जारी..... देखिए खास खबर - CG RIGHT TIMES

Breaking


Wednesday, December 24, 2025

धान खरीदी में लापरवाही पर सख्ती: बांकी केंद्र प्रभारी हटाए गए, नोटिस जारी..... देखिए खास खबर

सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट 






मुंगेली- कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उपार्जन केंद्र बांकी एवं निरजाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।


निरीक्षण के समय कलेक्टर ने अब तक हुई धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, किसानों के पंजीयन, डीओ कटने की स्थिति, रकबा समर्पण तथा केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान उठाव में तेजी लाने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


बांकी उपार्जन केंद्र में गंभीर अनियमितता सामने आई, जहां किसानों से बिना हमाल के तौल एवं धान पलटी कराए जाने की शिकायत मिली। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी को तत्काल हटाने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


कलेक्टर ने रकबा समर्पण प्रक्रिया की भी जानकारी ली और चेतावनी दी कि यदि इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समय पर धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


निरजाम उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने तौल व्यवस्था और धान की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने अमानक धान की खरीदी न करने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में जांच कराने के निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कोचियों व बिचौलियों के बहकावे में न आने की अपील की।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों में साफ-सफाई, अनुशासन और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़ेसना, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव, सीसीबी नोडल संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Pages