खबर का असर: डीएवी स्कूल जीर्णोद्धार मामले में फिर होगी जांच, सीईओ ने दिए पुनः जांच के संकेत..... देखिए खास खबर - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Tuesday, August 4, 2026

खबर का असर: डीएवी स्कूल जीर्णोद्धार मामले में फिर होगी जांच, सीईओ ने दिए पुनः जांच के संकेत..... देखिए खास खबर

 *खबर का असर: डीएवी स्कूल जीर्णोद्धार मामले में फिर होगी जांच, सीईओ ने दिए पुनः जांच के संकेत*



सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट

पथरिया। जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेली स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल जरेली-पेंड्री के जीर्णोद्धार कार्य में कथित वित्तीय अनियमितता के आरोपों को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जनपद पंचायत पथरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अनिल कुमार झा ने प्रकरण में पुनः जांच कराए जाने के संकेत दिए हैं।


सीईओ ने कहा कि मामले की जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस रुख के बाद मामले में एक बार फिर जांच की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।


*10 लाख रुपये के कार्य को लेकर उठे सवाल*

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जरेली के पंच, उपसरपंच एवं ग्रामीणों ने डीएमएफ मद से विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत 10 लाख रुपये की राशि के उपयोग में कथित अनियमितता को लेकर कलेक्टर मुंगेली सहित जनपद पंचायत पथरिया में शिकायत की थी।


शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि स्वीकृत राशि के अनुपात में विद्यालय में अपेक्षित जीर्णोद्धार कार्य नहीं कराया गया। इसके बावजूद कार्य के नाम पर सरपंच एवं सचिव द्वारा पूरी राशि का आहरण किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

*पूर्व जांच में भी सामने आई थी अनियमितता*


मामले में जनपद पंचायत पथरिया के सीईओ ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पूर्व में भी जांच दल गठित किया गया था। जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आने की जानकारी दी गई थी।


अब प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुनः जांच दल गठित कर मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की बात कही गई है। इस जांच में स्वीकृत राशि, कराए गए कार्य, भुगतान एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

*दोषीयो पर तो होगी सख्त कार्रवाई*


सीईओ अनिल कुमार झा ने स्पष्ट किया कि पुनः जांच के दौरान यदि किसी भी संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी या दोष सामने आता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

अब प्रशासन द्वारा पुनः जांच के संकेत दिए जाने के बाद शिकायतकर्ताओं और ग्रामीणों में मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर उम्मीद जगी है।

*जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें*


डीएवी स्कूल के जीर्णोद्धार कार्य में स्वीकृत 10 लाख रुपये के उपयोग को लेकर उठे सवालों का जवाब अब प्रस्तावित पुनः जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है। जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, यह आने वाला समय बताएगा।


Pages