ग्राम सोढ़ी (म) में ग्राम एकता और जनसहयोग की ऐतिहासिक पहल पूर्ण शराबबंदी जैसे कई महत्वपूर्ण पहल के बाद अब फसल सुरक्षा और ग्राम व्यवस्था को लेकर सरपंच की नई पहल..... देखिए खास खबर - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Wednesday, September 9, 2026

ग्राम सोढ़ी (म) में ग्राम एकता और जनसहयोग की ऐतिहासिक पहल पूर्ण शराबबंदी जैसे कई महत्वपूर्ण पहल के बाद अब फसल सुरक्षा और ग्राम व्यवस्था को लेकर सरपंच की नई पहल..... देखिए खास खबर

सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट 



 ग्राम सोढ़ी (म) में ग्राम एकता और जनसहयोग की ऐतिहासिक पहल

पूर्ण शराबबंदी जैसे कई महत्वपूर्ण पहल के बाद अब फसल सुरक्षा और ग्राम व्यवस्था को लेकर सरपंच की नई पहल




मुंगेली - जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत सोढ़ी (म) में ग्राम एकता, जनसहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। गांव में पूर्ण शराबबंदी जैसी सफल पहल के बाद अब ग्राम पंचायत के सरपंच धनेश्वर गाहिरे के नेतृत्व में किसानों की फसलों की सुरक्षा एवं गांव की बेहतर व्यवस्था को लेकर ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।


महामाया मंदिर के पास आयोजित बैठक में गांव के लगभग प्रत्येक घर से किसी न किसी सदस्य की उपस्थिति रही। इतनी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता गांव की एकता, जागरूकता और अपने गांव के प्रति जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण रही।

बैठक में गांव में बाहर से आने वाले आवारा पशुओं तथा गांव में घूमने वाले पशुओं के कारण किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बकरी, भैंस एवं अन्य पशुओं को स्वयं चराने वाले पशुपालकों से भी अपील की गई कि वे अपने पशुओं को सिर्फ सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर ही चराएं और खेतों में प्रवेश न करने दें।

ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि फसल सुरक्षा और गांव की निगरानी की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाई जाएगी। इसके लिए ग्रामीण बारी-बारी से निगरानी एवं सहयोग करेंगे। यदि कोई व्यक्ति अपनी निर्धारित बारी में उपस्थित नहीं हो पाता है तो उसे अपने स्थान पर अपने खर्चे से किसी अन्य व्यक्ति को भेजना होगा, ताकि निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो और किसानों की मेहनत से तैयार फसल सुरक्षित रह सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति अपने पशु को खेत के अंदर चराते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार शिकायत/रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से अपील की गई है कि ऐसी घटना दिखाई देने पर तत्काल संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को सूचना दें, ताकि समय रहते फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि यह पहल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव की सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता का परिणाम है। गांव की व्यवस्था, किसानों की फसल और ग्रामहित की रक्षा के लिए सभी ग्रामीण मिलकर सहयोग करेंगे।

*हर रविवार होगी ग्रामहित पर बैठक

ग्राम पंचायत में जनसहभागिता को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक रविवार शाम 6:00 बजे महामाया मंदिर के पास ग्रामवासियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इन बैठकों में गांव के विकास, व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, जनहित एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सामूहिक चर्चा कर उचित निर्णय लिए जाएंगे*

*ग्राम पंचायत सोढ़ी (म) के सरपंच धनेश्वर गाहिरे ने कहा कि “गांव का विकास केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिस तरह ग्रामवासियों ने पूर्ण शराबबंदी की पहल में एकजुट होकर सहयोग दिया, उसी तरह अब फसल सुरक्षा और ग्राम व्यवस्था को लेकर भी सभी का सहयोग मिल रहा है।* *ग्राम एकता और जनसहयोग से सोढ़ी (म) को एक आदर्श और सुरक्षित गांव बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।”*

ग्रामवासियों ने बैठक में उपस्थित होकर ग्रामहित में लिए गए निर्णयों पर अपनी सहमति एवं सहयोग प्रदान किया। यह पहल गांव में एकता, भाईचारे, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की दिशा में एक नई मिसाल के रूप में देखी जा रही है।

ग्राम पंचायत सोढ़ी (म) की अपील:

“आइए, हम सभी एकजुट होकर किसानों की मेहनत की फसल की रक्षा करें, गांव की व्यवस्था को बेहतर बनाएं और आने वाली पीढ़ी के लिए सुंदर, सुरक्षित एवं विकसित गांव का निर्माण करें।”


Pages