गुरु बालक दास जयंती एवं शोभायात्रा में भटगांव पंथी पार्टी की धूम, मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल... देखिए खास खबर...... - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Friday, September 4, 2026

गुरु बालक दास जयंती एवं शोभायात्रा में भटगांव पंथी पार्टी की धूम, मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल... देखिए खास खबर......

 गुरु बालक दास जयंती एवं शोभायात्रा में भटगांव पंथी पार्टी की धूम, मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल...


मुंगेली के चौक-चौराहों पर पंथी नृत्य और आकर्षक पिरामिड प्रस्तुति ने बांधा समां, विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी की सराहना......


CG. Right Times news..........

मुंगेली। वीर बलिदानी गुरु बालक दास जयंती एवं शोभायात्रा का आयोजन सतनामी समाज मुंगेली एवं छत्तीसगढ़ सतनाम महासंघ के तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान भटगांव पंथी पार्टी द्वारा दी गई मनमोहक पंथी नृत्य प्रस्तुतियों ने लोगों का विशेष आकर्षण खींचा। मुंगेली के विभिन्न चौक-चौराहों पर कलाकारों ने पंथी नृत्य के साथ आकर्षक पिरामिड प्रस्तुतियां दीं, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत सतनाम भवन में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के जय स्तंभ का विधिवत पूजन-अर्चन कर की गई। इसके बाद ताशा, डीजे एवं अखाड़ा दल के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सतनामी समाज के संतों, सामाजिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता की।

शोभायात्रा के दौरान लोक सांस्कृतिक खेल एवं मानव कल्याण समिति भटगांव, जिला मुंगेली की पंथी पार्टी ने विभिन्न स्थानों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। पंथी कलाकारों की शानदार तालमेल, पारंपरिक नृत्य और ऊंचे पिरामिडों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुरु घासीदास चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पंथी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उनकी कला की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी भटगांव पंथी पार्टी की प्रस्तुति देखी और कलाकारों की प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने पंथी नृत्य को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पंडाल लगाकर संतों एवं शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल और फल की व्यवस्था की गई। आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के बावजूद शोभायात्रा में अनुशासन और आपसी सौहार्द का विशेष ध्यान रखा गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सतनाम महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विकास खांडेकर, संजीत बनर्जी, अक्षय लहरे, लक्ष्मीकांत जड़ेजा, कमल जांगड़े, जितराय खांडेकर, फूल सिंह महिलांगे, मोहित बंजारे, नील घृतलहरे, मेघनाथ कोसरिया, राजा कोसले, एडवोकेट राम प्रसाद डिंडौरे, राजकांता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं सतनामी समाज के सदस्य उपस्थित रहे।


भटगांव पंथी पार्टी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा के नेतृत्व में पंथी कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुति की जगह-जगह सराहना की गई और लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।


Pages