भिलाई के दुर्गा नगर में बड़ा हादसा टला, ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, JE पर गंभीर आरोप.... देखिए खास खबर..... - CG RIGHT TIMES

Breaking


Tuesday, May 26, 2026

भिलाई के दुर्गा नगर में बड़ा हादसा टला, ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, JE पर गंभीर आरोप.... देखिए खास खबर.....

 भिलाई के दुर्गा नगर में बड़ा हादसा टला, ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, JE पर गंभीर आरोप........


CG. Right Times news.............

भिलाई। कोहका - स्थित दुर्गा नगर गली नंबर 3 में 24 मई की शाम लगभग 8:40 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मोहल्ले के मुख्य ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और धुआं पूरे इलाके में फैल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ मिनट की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान जा सकती थी।


घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस ट्रांसफार्मर में लंबे समय से क्षमता से अधिक लोड डाला जा रहा था, जिसकी शिकायत कई बार लाइनमैन और संबंधित JE प्रकाश रामटेके से की गई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।


मोहल्लेवासियों का आरोप है कि दूसरे बिल्डर एवं सोसायटी को फायदा पहुंचाने के लिए उसी ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त लोड जोड़ दिया गया, जबकि ट्रांसफार्मर पहले से ही ओवरलोड था। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने जनता की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया।


स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफार्मर ब्लास्ट, बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। रात 2 बजे से लेकर दोपहर तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें आम हो चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि कॉल सेंटर फोन नहीं उठाता और संबंधित अधिकारी शिकायतों पर सही प्रतिक्रिया नहीं देते।


निवासियों ने JE प्रकाश रामटेके पर अभद्र व्यवहार करने और शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। लोगों ने उनकी कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमता एवं डिग्री की जांच की मांग भी उठाई है। घटना से नाराज लोगों ने CSPDCL प्रबंधन, मुख्यमंत्री कार्यालय, ऊर्जा विभाग और जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी है।


मोहल्ले के लोगों का कहना है कि घटना के CCTV फुटेज, फोटो और वीडियो प्रमाण मौजूद हैं, जिन्हें शिकायत के साथ भेजा गया है। शिकायत में मांग की गई है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, संबंधित JE को तत्काल हटाया जाए तथा क्षेत्र में नया एवं पर्याप्त क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए।


संगठित पत्रकार संघ ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि संघ के अध्यक्ष का घर भी उसी ट्रांसफार्मर के पास स्थित है जहां आग लगी थी। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो दुर्गा नगरवासी एवं संगठित पत्रकार संघ बिजली कार्यालय का घेराव, धरना प्रदर्शन एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।


उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में CSPDCL की बिजली व्यवस्था, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और शिकायत व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने लगातार बिजली कटौती, ओवरलोडिंग और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने की समस्या उठाई है।


Pages