संयुक्त संचालक अभियोजन माखनलाल पाण्डेय को गरिमामयी विदाई..........
आईजी राम गोपाल गर्ग ने किया सम्मानित......
CG. Right Times news.........
बिलासपुर - पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में सोमवार को संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) श्री माखनलाल पाण्डेय के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामयी एवं आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
समारोह में श्री पाण्डेय के साथ उप संचालक अभियोजन श्रीमती कंचन पाटिल सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईजी श्री गर्ग ने श्री पाण्डेय के उत्कृष्ट कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
*अनुकरणीय रहा सेवा सफर.......
श्री माखनलाल पाण्डेय ने अपनी सेवा यात्रा फरवरी 1995 में रायपुर जिले से प्रारंभ की। इसके बाद उन्होंने दुर्ग, महासमुंद, धमतरी और जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। फरवरी 2023 से 30 मार्च 2026 तक वे बिलासपुर संभाग में संयुक्त संचालक अभियोजन के पद पर पदस्थ रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विवेचना और अभियोजन कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
*आईजी ने सराहा योगदान.......
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने कहा कि एक सफल अभियोजन अधिकारी केवल कानून का जानकार ही नहीं होता, बल्कि वह पीड़ित को न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण कड़ी भी होता है। उन्होंने कहा कि श्री पाण्डेय ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली की मिसाल पेश की है।
आईजी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने अनुभव और कानूनी ज्ञान से पुलिस विभाग को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
*पाण्डेय ने जताया आभार......
इस अवसर पर श्री माखनलाल पाण्डेय ने मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा के दौरान पुलिस और न्यायालय के साथ काम करने का अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विभाग को आवश्यकता पड़ने पर वे सदैव उपलब्ध रहेंगे।
ये रहे उपस्थित......
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (बिलासपुर रेंज) श्री विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक धनेश्वरी दुबे, उपनिरीक्षक रामकुमार पटेल, शंकर कश्यप, संग्राम सिंह, संदीप ठाकुर, रेखा जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक श्री संजय रावत ने किया।
समारोह के अंत में सभी ने श्री पाण्डेय को भावभीनी विदाई दी।

