मुख्यमंत्री साय की ‘गौ धाम योजना’ गौवंश संरक्षण की दिशा में क्रांतिकारी पहल : रत्नावली कौशल.......
CG. Right Times news...........
मुंगेली। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ‘गौ धाम योजना’ को गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बेसहारा गौवंश के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
रत्नावली कौशल ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के सभी विकासखंडों में कुल 1,460 गौधाम स्थापित किए जाएंगे। इन गौधामों में बेसहारा, घुमंतू एवं परित्यक्त गौवंश को सुरक्षित आश्रय, पोषण, चिकित्सा तथा समुचित देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गौधाम में लगभग 200 गौवंश रखने की क्षमता होगी। यहां चारा भंडारण इकाइयां, पशु चिकित्सा केंद्र, स्वास्थ्य जांच प्रयोगशाला, शेड, फेंसिंग, पेयजल, बिजली सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही गोबर और गोमूत्र आधारित जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को जैविक कृषि अपनाने में मदद मिलेगी।
रत्नावली कौशल ने आगे कहा कि योजना के संचालन की जिम्मेदारी पंजीकृत गौशाला समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, ट्रस्ट, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों और सहकारी समितियों को दी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से घुमंतू पशुओं द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह योजना छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गो-संस्कृति को पुनर्जीवित करते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
रत्नावली कौशल ने चरवाहों एवं गौसेवकों के लिए निर्धारित मानदेय का भी स्वागत किया और कहा कि इससे योजना को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने महिलाओं और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों से इस योजना से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील भी की।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इस योजना के सफल शुभारंभ के लिए बधाई देते हुए कहा कि ‘गौ धाम योजना’ ग्रामीण छत्तीसगढ़ के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। भाजपा महिला मोर्चा इस योजना के प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
