सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
मुंगेली - विकासखंड पथरिया अंतर्गत संकुल केंद्र मुंडादेवरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला अमलडीहा के लिए यह गर्व का क्षण है। विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थी—हुमेश जोल्हे, प्रिंस टोन्डे और मिथिलेश यादव—का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो (मुंगेली) में हुआ है।
तीनों विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि में विशेष रूप से शिक्षक रूपेंद्र कुमार जोल्हे का अहम योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार, संकुल केंद्र मुंडादेवरी सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय के प्रधान पाठक रमेश कुमार राजपूत, शिक्षक रूपेंद्र कुमार जोल्हे एवं केशव कुमार पांडेय, साथ ही संकुल समन्वयक रमेश कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं, अभिभावकों ने भी बच्चों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भी प्रमाण है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
