पथरिया में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग... देखिए खास खबर..... - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Thursday, October 8, 2026

पथरिया में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग... देखिए खास खबर.....

पथरिया में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग..


‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी, पुतला दहन; बिजली समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन......


CG. Right Times news...............

पथरिया - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 8 अक्टूबर यानी गुरुवार के दिन देशभर में मनाए जा रहे ‘ब्लैक डे’ के तहत पथरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। साथ ही क्षेत्र में बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्याओं को लेकर भी आवाज उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर पुतला दहन भी किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी तथा बैरिकेड तोड़कर कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और नागरिकों के अधिकारों से जुड़े सवालों को सामने रखने का माध्यम है। नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद जब जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, तब उन्हें रोकने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग की निंदा की। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए चिंता का विषय है। इसी के विरोध में कांग्रेस द्वारा देशभर में ‘ब्लैक डे’ मनाया जा रहा है।

लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे : घनश्याम वर्मा.......


जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और सरकार तथा संवैधानिक संस्थाओं से जवाब मांगना विपक्ष का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने के बजाय उनके द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी। लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बिजली कटौती और स्थानीय समस्याओं का मुद्दा भी उठाया......

पथरिया में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने क्षेत्र में बिजली कटौती, अनियमित विद्युत आपूर्ति सहित आम उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों के साथ स्थानीय समस्याएं भी आम जनता के लिए महत्वपूर्ण हैं।

इन समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश मिरी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया द्वारा पथरिया एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई।

समस्याओं को विद्युत विभाग तक भेजा जाएगा : एसडीएम रेखा चंद्र.....

*पथरिया एसडीएम रेखा चंद्र ने बताया*- कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया द्वारा विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं में जो विषय उनके विभागीय स्तर से संबंधित हैं, उन्हें संबंधित विद्युत विभाग पथरिया को पत्र के माध्यम से भेजा जाएगा और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निर्देश दिए जाएंगे।

एसडीएम ने बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार का ज्ञापन प्राप्त हुआ था। पूर्व में दिए गए ज्ञापन से संबंधित विषयों को टीएल में प्रस्तुत करने के साथ उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि समस्याओं का निराकरण कराया जा सके।

*बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद.....

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, चंद्रभान बारमते, मुकेश मिरी, दीपक गुप्ता, तारिणी विश्वकर्मा, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा, हेमिन मंगेशकर, मनीष त्रिपाठी, विद्यानंद चंद्राकर, दिलीप बंजारा, दिलीप कौशिक, ग्वाल दास अनंत, नेतराम साहू, घसिया लहरे, संतोष पाली, संपत जायसवाल, श्रीवास, एजाज अहमद, दीपक साहू, देव मार्को, नरेश पाटले, तनिष कुर्रे, आशुतोष पांडे, गुरमीत बग्गा, त्रिलोकी वर्मा, तेज सिंह क्षत्रिय, नीरज यादव, संतोष यादव, सदराम कश्यप, यूगल वर्मा, कोमल घृतलहरे, तीरथ पाटले, खेमू साहू, देवा पेंटर, साहिल हुसैन, सखीचंद वर्मा, रतिराम ओगरे, पूनम दिव्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Pages