विधायक निधि से स्वीकृत 6 लाख की सीसी रोड, 9 माह बाद भी निर्माण शुरू नहीं... देखिए खास खबर........ - CG RIGHT TIMES NEWS

Breaking


Wednesday, September 30, 2026

विधायक निधि से स्वीकृत 6 लाख की सीसी रोड, 9 माह बाद भी निर्माण शुरू नहीं... देखिए खास खबर........

विधायक निधि से स्वीकृत 6 लाख की सीसी रोड 9 माह बाद भी निर्माण शुरू नहीं..........


2.40 लाख रुपये की पहली किस्त जारी होने के बाद भी अधूरा रहा काम, वसूली के लिए सरपंच को नोटिस....

CG. Right Times news...........

पथरिया - विकासखंड पथरिया के ग्राम पंचायत कंचनपुर में विधायक निधि से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य करीब नौ माह बाद भी शुरू नहीं होने का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण के लिए कुल 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। जनपद पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जनवरी 2026 में स्वीकृत राशि की 40 प्रतिशत राशि यानी 2 लाख 40 हजार रुपये पंचायत को जारी की गई थी। इसके बावजूद सितंबर 2026 तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

*शिकायत के बाद प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई*

सीसी रोड का निर्माण शुरू नहीं होने को लेकर ग्रामीणों की शिकायत के बाद जनपद पंचायत स्तर पर मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। जनपद पंचायत की ओर से शासकीय राशि की वसूली के संबंध में एसडीएम पथरिया को प्रतिवेदन भेजा गया। प्रतिवेदन के आधार पर एसडीएम कार्यालय द्वारा संबंधित सरपंच को नोटिस जारी किया गया है।


जनपद सीईओ के प्रतिवेदन पर सरपंच को नोटिस...

एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा ने बताया कि जनपद पंचायत के सीईओ से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित सरपंच को वसूली के लिए संबंधित प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नौ माह बाद भी सड़क निर्माण का इंतजार........ 

जनवरी 2026 में निर्माण के लिए राशि जारी होने के बावजूद सितंबर तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्य के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। सड़क निर्माण नहीं होने से संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अब प्रशासनिक कार्रवाई के बीच यह स्पष्ट होना बाकी है कि निर्माण के लिए जारी 2.40 लाख रुपये की राशि का उपयोग किस मद में किया गया और स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण अब तक क्यों शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर शासकीय राशि के उपयोग की स्थिति सार्वजनिक करने और निर्धारित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के बाद मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।


Pages