उपमुख्यमंत्री अरुण साव से रत्नावली कौशल की मुलाकात, महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर हुई चर्चा........
CG. Right Times news...........
मुंगेली। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट कर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
भेंट के दौरान रत्नावली कौशल ने उपमुख्यमंत्री को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राज्यभर में चलाए जा रहे कार्यक्रमों और अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने, कौशल विकास प्रशिक्षण देने और महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जो महिला उत्थान की दिशा में सकारात्मक पहल साबित हो रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रत्नावली कौशल की सक्रियता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
रत्नावली कौशल ने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के मार्गदर्शन में महिलाओं के हित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने प्रदेशभर के महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की मुलाकातें प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेंगी तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगी। भाजपा महिला मोर्चा ने सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं से महिलाओं तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और लाभार्थियों के चयन में सहयोग करने की अपील की है।
