पथरिया में अवैध लाल ईंट भट्ठों की शिकायत जनदर्शन में पहुँची........
जनदर्शन में कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग.....
CG. Right Times news..............
मुंगेली - जिले के पथरिया तहसील क्षेत्र में संचालित अवैध लाल ईंट भट्ठों का मामला अब जनदर्शन तक पहुँच गया है। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक शिकायतकर्ता ने आवेदन प्रस्तुत कर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे भट्ठों की जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की हैं।
शिकायतकर्ता दिनेश डहरिया ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि उन्होंने बैंक से ऋण लेकर ग्राम बरछा में वैधानिक अनुमति प्राप्त कर ईंट भट्ठा संचालन शुरू किया है। इसके विपरीत पथरिया क्षेत्र के ग्राम भंवरकछार, बगबूडवा, गोंईद्रा तथा आसपास के गांवों में कृषि भूमि एवं रेत से अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर बिना किसी अनुमति के लाल ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी बताया गया है कि अवैध भट्ठों के कारण न केवल खनिज संपदा को नुकसान हो रहा है, बल्कि शासन को राजस्व की हानि भी उठानी पड़ रही है। साथ ही वैध रूप से व्यवसाय कर रहे छोटे संचालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। बैंक ऋण लेकर व्यवसाय संचालित करने वाले व्यापारियों के लिए ऋण की किस्त जमा करना भी कठिन होता जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने जिला कलेक्टर से पथरिया-जरहागांव क्षेत्र में संचालित अवैध लाल ईंट भट्ठों की विस्तृत जांच कर तत्काल रोक लगाने तथा संबंधित दोषियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्र ने कहा.........
इस संबंध में पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा ने बताया कि जनदर्शन में शिकायत प्राप्त हुई है। यदि कोई निजी किसान लाल ईंट निर्माण कर रहा है तो निर्धारित मापदंडों की जांच की जाएगी। नियमों के विरुद्ध भट्ठा संचालन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और अवैध भट्ठों पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होती है।


