सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
मुंगेली ---मुंगेली जिले में महिला संबंधी अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छेड़छाड़ के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुंगेली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में सख्त और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में थाना लोरमी क्षेत्रांतर्गत ग्राम भाठापारा में घटित महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई की गई।
प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 17 फरवरी 2026 को पीड़िता ने थाना लोरमी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि पड़ोस में रहने वाले वेदप्रकाश अग्रवाल एवं रंजीत अग्रवाल ने पुरानी रंजिश के चलते उसे घर में अकेली पाकर दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। आरोप है कि दोनों ने उसकी लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ की, अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 52/26 के तहत धारा 74, 332(सी), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर पीड़िता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी
- रंजीत अग्रवाल (उम्र 26 वर्ष)
- वेदप्रकाश अग्रवाल (उम्र 28 वर्ष)
निवासी वार्ड क्रमांक 15, गायत्रीपारा लोरमी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर 18 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
