पंथी शिखर सम्मान से सम्मानित हुए लक्ष्मीकांत जड़ेजा भटगांव पंथी पार्टी ने बढ़ाया मुंगेली जिले का मान.........
CG. Right Times news..........
पथरिया - ग्राम बोरिया बेरला, जिला बेमेतरा में 7 एवं 8 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय बोरिया रंग महोत्सव एवं मड़ई मेला सांस्कृतिक उल्लास और परंपराओं की जीवंत प्रस्तुति का साक्षी बना। इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को समर्पित उत्कृष्ट योगदान के लिए मुंगेली जिले के भटगांव पंथी पार्टी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा को पंथी शिखर सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें मानव-मानव एक समान, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर कार्यों के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने लक्ष्मीकांत जड़ेजा के सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पंथी नृत्य के माध्यम से वे छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सम्मान कार्यक्रम में पूर्व विधायक बेमेतरा आशीष छाबड़ा, पद्मश्री डॉ. राधेश्याम बारले, ग्राम सरपंच वीरेंद्र टंडन, आयोजन समिति संचालक भगवान दास टंडन, शीतल पठारी एवं प्रसिद्ध हरिकीर्तनकार कामता प्रसाद शरण ने साल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
गौरतलब है कि लक्ष्मीकांत जड़ेजा वर्ष 2000 से लगातार पंथी नृत्य की सेवा में सक्रिय हैं। वे अब तक 5 बार राज्य स्तरीय पंथी पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं तथा लगातार 10 वर्षों से मुंगेली जिले में आयोजित पंथी नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करते आ रहे हैं। इसके अलावा वे राज्य एवं राज्य के बाहर विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर पंथी नृत्य की प्रस्तुतियाँ देकर मुंगेली जिले को निरंतर गौरवान्वित कर रहे हैं।
उनके इस सम्मान से भटगांव सहित पूरे मुंगेली जिले के कलाकारों एवं सांस्कृतिक प्रेमियों में उत्साह और हर्ष का माहौल है।
