19 फरवरी को कांग्रेसी कार्यकर्ता करेंगे जिला कलेक्ट्रेट का घेराव.................
मनरेगा और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन........
CG. Right Times news.........
मुंगेली। मनरेगा बचाव अभियान एवं जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने 19 फरवरी को प्रस्तावित कलेक्ट्रेट घेराव की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित इस आंदोलन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सक्रिय हो गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने बताया कि मनरेगा बचाव अभियान 12 जनवरी से जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है, जो 26 फरवरी तक जारी रहेगा। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान मनरेगा में आ रही समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 19 फरवरी को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष के अनुसार घेराव के माध्यम से मनरेगा में कार्य की कमी, मजदूरों को समय पर भुगतान न मिलना, नियमों में बार-बार बदलाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही जिले की मूलभूत समस्याएं—बिजली आपूर्ति में अनियमितता, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और जर्जर सड़कों की स्थिति—को लेकर भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने सभी ब्लॉक और सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।
