डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिक उत्सव............
संस्कृति व नशा मुक्ति का संदेश बना आकर्षण......
CG. Right Times news..............
पथरिया। नगर के समीप स्थित एकमात्र अंग्रेजी माध्यम डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जरेली–पेण्ड्री में शनिवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “संस्कृति, सभ्यता एवं संस्कार” रही, जिसमें विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा रहीं। वहीं वरिष्ठ अतिथि के रूप में नगर पंचायत पथरिया की अध्यक्ष श्रीमती हलसी रघु वैष्णव तथा नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष श्री परमानंद साहू उपस्थित रहे। अतिथियों के आगमन के पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी परंपरा के अनुसार गायत्री मंत्र, राष्ट्रगान, राजकीय गीत एवं डीएवी गान के साथ की गई।
कार्यक्रम में प्रेरणादायक ड्रामा, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। विशेष रूप से नशा मुक्ति पर आधारित नाटक ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। विद्यालय के सभी हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई।
मुख्य अतिथि एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए नशा मुक्ति पर प्रस्तुत नाटक की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति का संदेश केवल मंच तक सीमित न रहे, बल्कि सभी इसे अपने जीवन में अपनाएं, तभी समाज नशा मुक्त बन सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए तथा परीक्षा की तैयारी तनावमुक्त होकर करने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री गौरव सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके बहुमूल्य समय के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पिछले सत्र के बोर्ड परीक्षा टॉपर्स कक्षा 12वीं के रोहन वर्मा एवं कक्षा 10वीं की पूर्वी यादव को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान कड़ी में श्रद्धानंद हाउस को बेस्ट हाउस, कक्षा 10वीं को बेस्ट क्लास, सुश्री उर्वशी साहू को बेस्ट शिक्षक, कक्षा 10वीं के आशीष लहरी को बेस्ट स्टूडेंट तथा कक्षा 11वीं के समीर ठाकुर को बेस्ट सपोर्टिंग स्टूडेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। नशा मुक्ति ड्रामा के लिए श्रद्धानंद हाउस एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित समूह नृत्य के लिए विवेकानंद हाउस को विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही सभी अतिथियों को शॉल, मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक श्री पुरेंद्र सिंह राजपूत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



