दुर्ग से राहुल बारले की खास रिपोर्ट
दुर्ग - थाना पुलगांव पुलिस ने ग्राम गनियारी में हुए दादी–पोती की दोहरी हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। यह वारदात 6 मार्च 2024 की रात को हुई थी, जब एक वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। करीब एक साल बाद पुलिस ने इस रहस्यमयी मामले को वैज्ञानिक जांच और टीमवर्क के दम पर सुलझा लिया है।
🔍 मामले का खुलासा — पॉलीग्राफ, ब्रेनमैपिंग और नार्को टेस्ट से मिली सच्चाई
इस जघन्य अपराध की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थाना पुलगांव और एसीसीयू के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
टीम ने 62 संदिग्धों से पूछताछ की और अहमदाबाद व रायपुर में पॉलीग्राफ, ब्रेनमैपिंग और नार्को टेस्ट करवाया। रिपोर्ट आने के बाद संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद मामला खुल गया।
🧩 अवैध संबंध बना हत्या की वजह
मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मृतिका (बालिका) के साथ उसके अवैध संबंध थे।
सगाई के बाद यह राज खुल जाने और बदनामी के डर से उसने अपने सहयोगियों पंकज निषाद और एक अन्य फरार साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की रात चुमेन्द्र अपने दोस्तों के साथ बाहर गया था, ताकि लोगों को गुमराह कर सके। रात करीब 1:30 बजे वह गांव लौट आया और अपने साथियों को बुलाकर मृतिका के घर पहुंचा।
बालिका ने उसके साथ भागने से इंकार कर दिया तो उसने गुस्से में आकर उस पर टंगीया और चाकू से वार कर दिया।
बालिका की दादी के जागने पर उसने उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी।
⚖️ पुलिस की तत्परता और वैज्ञानिक जांच से सुलझा मामला
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू, मोबाइल और स्कॉर्पियों वाहन (CG-06-E-6666) बरामद किया है।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
आरोपी चुमेन्द्र और पंकज दोनों ही अपराधी प्रवृत्ति के हैं और इनके विरुद्ध पूर्व में आबकारी एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
👮♂️ गिरफ्तार आरोपी:
1️⃣ चुमेन्द्र उर्फ लल्ला निषाद (23 वर्ष)
2️⃣ पंकज उर्फ पवित्र निषाद (30 वर्ष)
जप्त सामान:
मोबाइल – 02 नग
चाकू – 01 नग
स्कॉर्पियों वाहन – 01 नग
📁 मामले की कानूनी स्थिति:
अपराध क्रमांक 153/2024, धारा 302, 450, 201, 120(बी) आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
💬 पुलिस की विशेष टीम की सराहना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा गठित विशेष टीम, थाना पुलगांव और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई से यह मामला सुलझ सका।
टीम की मेहनत, वैज्ञानिक जांच और सूक्ष्म विश्लेषण से इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश हुआ है।
