सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की स्पेशल रिपोर्ट
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को नहीं मिला पानी ठेकेदार ने पाइप बिछाने को लेकर सीसी रोड तोडा़ चलना मुश्किल
पथरिया- जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रो में घर घर पीने का स्वच्छ पानी पहुचाने और ग्रामीणों को सुविधाजनक जीवन स्तर मुहैया कराने के लिए शासन द्वारा करोड़ो रूपये खर्च किये जा रहे है लेकिन लापरवाह ठेकेदारों के लेटलतीफी और ग़ैरजवाबदारी ढंग से किये जा रहे कार्य शासन की मंशा पर पलीता लगा रहे है ।ऐसा ही उदाहरण ग्राम पंचायत भिलाई का है जहां जलजीवन मिशन के ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने के नाम से लाखों की लागत से बने ग्राम के सीसी रोड को बीचोबीच गड्ढा कर दिया और उसका मरम्मत भी नही किया अब ग्रामीणों को पाइप लाइन से पानी तो नही मिला लेकिन बारिश के दिनों में चलने लायक सड़क बुरी तरह टूट जरूर गया है । जिससे ग्रामीणों का सड़क मे चलना मुश्किल हो रहा है ग्रामीण रमाशंकर साहू का कहना है कि पूरे गाँव के बड़े बड़े सड़क को तोड़ दिया गया है जो वर्तमान में नालियों का रूप ले चुका है पढ़ाई के लिए स्कूल जाने वाले बच्चे तो गंदगी मे गिरते पड़ते विद्यालय जा रहे है ।
डेढ़ साल बाद भी कार्य अधूरा -
जलजीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम अमोरा भिलाई के नाम से लगभग 1करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से पानी टँकी निर्माण और पाइप लाइन विस्तार का कार्य जारी है लेकिन अभी भी कार्य पूर्ण नही हुआ है ।ठेकेदार पुष्पेंद्र कुमार सिंह द्वारा अधूरा कार्य कर ग्रामीणों के लिये समस्या खड़ी कर दी है।पिछले दिनों कलेक्टर के चौपाल में ग्रामीणों ने शिकायत की तो ग्रामीणों की शिकायत पर खुदे सीसी रोड में डस्ट डलवाया गया जो बारिश में बह चुका है ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द सड़क को पहले जैसा बनाया जाये ।
कार्य पूर्ण नही फिर भी भुगतान -
ग्रामीणों के साथ सरपंच गिरजाशंकर का आरोप है कि कार्य पूरा नही होने के बाद भी ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया है और यही कारण है कि ठेकेदार ग्रामीणों की समस्याओं को ओर ध्यान नही दे रहे ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी भी हमारे समस्या को लेकर गम्भीर नही है ।जबकि कार्य बहुत धीमी गति से किया जा रहा है ।उनका कहना है कि कब हमे पाइप लाइन से पानी मिलेगा यह भी अधिकारी नही बता पा रहे ।
