सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
अगस्त तक बदल जाएगा छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन का चेहरा, संगठन चुनाव में ब्लाक स्तर से प्रदेश स्तर तक होगा बदलाव
बघेल के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान जिस तरह कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हुई थी, चुनाव से पहले भी ऐसा ही किया जा सकता है
रायपुरः छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन का चेहरा अगस्त तक बदल जाएगा। संगठन चुनाव के बीच कांग्रेस, युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। कांग्रेस के संगठन चुनाव में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बदलाव होंगे। युवक कांग्रेस का भी चुनाव पूरा हो गया है। इसका परिणाम अगस्त तक आने की उम्मीद की जा रही है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल पूरा हो गया है। दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद पर बस्तर के तीन नेता मोहन मरकाम, कोको पाढ़ी और फूलोदेवी नेताम की नियुक्ति हुई। मोहन मरकाम का भी तीन साल का कार्यकाल पूरा हो गया है।
कांग्रेस का संगठन चुनाव चल रहा है एक महीना पीछे
कांग्रेस का संगठन चुनाव एक महीना पीछे चल रहा है। 31 मई तक ब्लाक संगठन का चुनाव पूरा करना था, लेकिन अब तक नहीं हो पाया है। दरअसल, प्रदेश में सदस्यता अभियान के दौरान 17 लाख से ज्यादा सदस्य बने। इतनी बड़ी संख्या में पहली बार कांग्रेस की सदस्यता हुई है। ऐसे में मतदाता सूची तैयार करने में ही संगठन को लंबा समय लग गया।
21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच हो जाएगा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव
एक जून से 20 जुलाई तक जिला कांग्रेस कमेटी का चुनाव कराना है। 10 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रदेश कांग्रेस की सामान्य सभा चुनी जाएगी। 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ब्लाक रिटर्निंग आफिसर की नियुक्ति के साथ ही ब्लाक अध्यक्ष का चुनाव शुरू हो जाएगा।
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह उतर जाएगी। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भूपेश बघेल के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान जिस तरह कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हुई थी, इस विधानसभा चुनाव से पहले भी ऐसा ही किया जा सकता है।
