अंतर्राष्ट्रीय वृद्वजन दिवस पर वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान
वृद्धजनों को श्रीफल, पुष्प गुच्छ व कम्बल से किया सम्मानित
मुंगेली ब्यूरो चीफ फलित जांगड़े की रिपोर्ट
मुंगेली / अन्तर्राष्ट्रीय वृद्वजन दिवस के अवसर पर आज वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन बी.आर साव विद्यालय प्रांगण के शिवकुमार पाठक सभा भवन में किया गया। इस कार्यक्रम में मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुन्नू लाल मोहले, जिला पंचायत की अध्यक्ष लेखनी सोनू चंद्राकर, कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक डी.आर आंचला, मुंगेली नगर पालिका के उपाध्यक्ष मोहन मल्लाह सहित नगर पालिका के पार्षद एवं जिला पंचायत के सदस्यगण मौजूद थे।
मुख्य अतिथि विधायक मोहले ने संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी वृद्धजनो के आर्शीवाद से कोरोना जैसे महामारी की स्थित में भी हम स्वास्थ्य और खुशहाल है। उन्होने कहा कि परिवार के द्वारा किसी प्रकार की पालन पोषण एवं देखरेख में कठिनाई आने पर जिला प्रशासन को आवेदन कर हर संभव मदद प्राप्त कर सकते है। उन्होने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से वृद्धजनों को लाभ लेने की बात कहीं।
जिला पंचायत की अध्यक्ष चंद्राकर ने संबोधित करते हुए कहा कि इस वृहद आयोजन के लिए समाज कल्याण विभाग की प्रशंसा की और वरिष्ठजनों के लिए हमेशा तत्पर रहने के लिए सभी से आग्रह किया ताकि इनको प्रथम व्यक्ति के रुप में शासन के योजनाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर वसंत ने संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्गो के बिना आदर्श परिवार की कल्पना संभव नहीं है। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से हम निरंतर आगे बढते हैं। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव का भी आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और निःशुल्क दवाईयां भी वितरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में लगभग 150 वरिष्ठ नागरिक, वृध्दाश्रम के हितग्राही सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।