पेंड्री स. में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका.....
जीजा के घर जाने निकला था 32 वर्षीय तुलसी साहू, रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी; घटनास्थल से 300 मीटर दूर मिली मोटरसाइकिल, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की भी जांच...
CG. Right Times news...............
पथरिया-/पेंड्री। सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री में सोमवार को एक 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव के मुख्य मार्ग के किनारे गणपति राइस मिल के पास खेत में गंदे पानी से भरी जगह पर मिला। मृतक के पैरों में तार बंधा होने और गले पर निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान ग्राम पेंड्री निवासी तुलसी साहू (32), पिता छेदू राम साहू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जीजा के घर जाने निकला था युवक.......
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी साहू रविवार शाम करीब सात बजे घर से सरगांव स्थित अपने जीजा के घर जाने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने सरगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके कुछ समय बाद ही गांव के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान तुलसी साहू के रूप में की।
युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक व्याप्त है, वहीं गांव में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
घटनास्थल से 300 मीटर दूर मिली मोटरसाइकिल.....
पुलिस जांच में मृतक की मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर गणपति राइस मिल के पास मिलने की जानकारी सामने आई है। मोटरसाइकिल वहां कैसे पहुंची और युवक किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मृतक की गतिविधियों, संभावित प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल के आसपास मौजूद साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मृतक के पैरों में तार बंधा होने और गले पर निशान मिलने की जानकारी भी जांच का महत्वपूर्ण पहलू है। पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद ही घटना की प्रकृति को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांच के दायरे में....
घटनास्थल के आसपास स्थित राइस मिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धा राइस मिल में कैमरे लगे हैं, लेकिन पिछले करीब तीन महीनों से उनमें मेमोरी कार्ड नहीं होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने यह दावा भी किया है कि घटनास्थल की ओर लगे दो कैमरे घटना के बाद हटाए गए। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सीसीटीवी से संबंधित डीवीआर अपने कब्जे में लिया है। जांच के दौरान रिकॉर्डिंग की उपलब्धता, कैमरों की स्थिति और उपकरणों से मिलने वाली तकनीकी जानकारी का परीक्षण किया जाएगा।
क्षेत्र के एक अन्य स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना के समय के आसपास मोटरसाइकिल पर कुछ लोगों के जाते दिखाई देने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, फुटेज में दिख रहे लोगों की पहचान और घटना से उनके किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आवाजाही की भी पड़ताल...
स्थानीय जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में तीन कोयला डिपो और दो राइस मिल संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों के मुताबिक, श्रद्धा राइस मिल में 100 से अधिक मजदूर कार्यरत हैं। ऐसे में पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा सकती है। हालांकि, इन प्रतिष्ठानों या वहां कार्यरत किसी व्यक्ति का घटना से संबंध होने की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज..........
फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी से संबंधित तकनीकी जानकारी इस मामले में अहम साबित हो सकती है।

