मुंगेली पुलिस ने 72 घंटे के भीतर किया नाबालिग बालिका की हत्या का खुलासा, दो आरोपी को न्यायालय के समक्ष की पेश
प्रेम संबंध और दूसरे युवक से बातचीत करने की आशंका बनी हत्या की वजह, मुख्य आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया.........
CG. Right Times news.............
मुंगेली - जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुंगेली पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजीत धृतलहरे ने प्रेम संबंध में विवाद के चलते बालिका की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है। घटना में सहयोग करने वाले उसके साथी साहिल खांडे को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया
बिस्तर पर बेहोशी की हालत में मिली थी बालिका..
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम नेवासपुर निवासी उत्तम मोहले ने सूचना दी कि उनकी 17 वर्षीय नातिन अपने बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बालिका को अचेत अवस्था में पाया। उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान थे, जबकि दाहिने हाथ और पैर में खरोंच के निशान मिले।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में हत्या का संदेह होने पर अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रेम संबंध में विवाद बना हत्या की वजह.......
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतिका का ग्राम लिलवाकापा निवासी अजीत धृतलहरे के साथ प्रेम संबंध था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर चर्चा भी चल रही थी। इसी दौरान मृतिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिलने पर आरोपी को संदेह हुआ और दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। आरोपी ने इस दौरान मृतिका को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
घर में घुसकर गला दबाया, साथी को भी दी जानकारी*
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को हैदराबाद से गांव लौटने के बाद आरोपी ने अपने साथी साहिल खांडे को घटना के बारे में बताया। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 की रात अजीत अपने साथी साहिल के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम नेवासपुर पहुंचा। आरोपी ने साहिल को बाहर आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए कहा और स्वयं घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया।
घर के अंदर बालिका को फोन पर बात करते देखकर आरोपी ने उससे विवाद किया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और वे निर्माणाधीन कमरे में गिर गए। इसी दौरान आरोपी ने बालिका का गला दोनों हाथों से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे के बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत सामान्य प्रतीत हो। इसके बाद उसने अपने साथी साहिल को घटना की जानकारी दी। दोनों ने मंदिर में दर्शन करने के बाद रात करीब 2:30 बजे घर लौटकर सो जाने की बात भी पुलिस को बताई।
मोटरसाइकिल जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए....
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अजीत धृतलहरे ने हत्या करना स्वीकार किया। घटना के संबंध में जानकारी होने और आरोपी की मदद करने के आरोप में उसके साथी साहिल खांडे को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 7143 जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत धृतलहरे (22 वर्ष), पिता शिवकुमार, और साहिल खांडे (20 वर्ष), पिता दिलीप, दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।

