दिवंगत आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता.........
CG. Right Times news...........
मुंगेली - पथरिया थाना में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया के ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद पुलिस विभाग द्वारा उनके आश्रित परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान हुई सड़क दुर्घटना में आरक्षक राकेश डहरिया का निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग ने शोक व्यक्त करते हुए राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत उनके परिजनों को ₹1 करोड़ (एक करोड़ रुपये) की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने 19 फरवरी 2026 को दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, बड़ाबाजार मुंगेली के माध्यम से ₹1 करोड़ का चेक प्रदान किया।
इस अवसर पर बैंक प्रबंधन की ओर से शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत ड्यूटी के दौरान शहीद अथवा आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उसी प्रावधान के तहत यह राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई है।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है, ताकि आश्रितों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
इसके अतिरिक्त, दिवंगत आरक्षक के परिजनों को अन्य शासकीय देय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ/ग्रेच्युटी तथा अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रचलन में है।
दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया ने सहायता राशि प्राप्त होने पर शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति भावुक शब्दों में आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दिवंगत आरक्षक राकेश डहरिया एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी और अनुशासित कर्मचारी थे। उनका आकस्मिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। जिला पुलिस परिवार सदैव उनके परिवार के साथ खड़ा है और सभी शासकीय लाभ शीघ्र दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस प्रक्रिया को पूर्ण कराने में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे एवं बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

