जिले में 01 दिवसीय टीकाकरण महा अभियान 27 नवम्बर को
टीका लगवाने वाले किसानों को धान खरीदी में मिलेगी प्राथमिकता
बारदाना संग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
समय सीमा की बैठक सम्पन्न
सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
मुंगेली // कलेक्टर अजीत वसंत ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होने समय सीमा के लंबित प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों से वन-टू-वन जानकारी प्राप्त की और निराकरण के संबंध में संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर वसंत ने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए संचालित टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने टूनाॅट, एंटीजन और आरटीपीसीआर टेस्ट की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं होने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और प्रतिदिन की प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप टेस्ट करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने कहा कि 18 वर्ष व 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 06 लाख 07 हजार 699 लोगों को टीकाकरण करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इनमें से अब तक 4 लाख 49 हजार 289 लोगों का टीकाकरण हुआ है। उन्होने कहा कि जिले में टीकाकरण हेतु पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। इसे देखते हुए उन्होने जिले में 01 दिवसीय टीकाकरण महाअभियान 27 नवम्बर को संचालित करने के निर्देश दिये। इस संबंध में उन्होने वैक्सीनेटरो की संख्या आदि व्यवस्था के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सभी अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर वसंत ने 01 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर प्रारंभ होने वाली धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होने धान खरीदी के पूर्व ही सभी प्रकार की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होने कोविड-19 का टीका लगवाने वाले किसानों को धान खरीदी कार्य में प्राथमिकता देने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने कहा कि राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु बारदाना की व्यवस्था बनाये रखने हेतु उचित मूल्य दुकानों को खाद्यान्न वितरण पश्चात् पीडीएस के जूट बारदानों को सुरक्षित रूप से रखने और प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा अतिरिक्त अन्य कार्यो हेतु विक्रय नहीं करने के लिए समस्त उचित मूल्य दुकानों के संचालकों को सख्त निर्देश दिये गये है। उन्होने 50 प्रतिशत से कम बारदाना जमा करने वाले उचित मूल्य दुकानों के विरूद्ध उचित कार्यवाही करने और बारदाना संग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर वसंत ने ग्रामीण परिवेश में तैयार किये जाने वाले छत्तीसगढ़ी पारम्परिक व्यंजन गढ़ कलेवा के बारे में जानकारी प्राप्त की और गढ़ कलेवा के भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हाकित करने के लिए मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिये। बैठक में कक्षा 12 उत्तीर्ण बैगा जन जाति बच्चों के व्यवसाय आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। इसी तरह राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की समीक्षा करते हुए पंजीयन और सत्यापन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और सत्यापन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर वसंत ने शासकीय कार्यालयों और विद्यालयों के भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने के संबंध में की गई कार्यो के संबंध में जानकारी प्राप्त की और शासकीय कार्यालयों और विद्यालयों के भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने शासकीय नजूल भूमि का आबंटन, व्यवस्थापन, स्थाई पट्टो का भूमि हक में परिवर्तन तथा, नजूल परिवर्तन एवं भू-भाटक वसूली के बारे में जानकारी प्राप्त की और उन्होने भू-भाटक की वसूली कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होने कोविड-19 के कारण मृत व्यक्तियों के परिजनों को देय 50 हजार रूपये की अनुदान सहायता राशि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उन्होने अनुमोदित आवेदन पत्रों के आधार पर संबंधितों को राशि भुगतान करने के निर्देश दिये। इसी तरह उन्होने गोधन न्याय योजना के तहत वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण, विक्रय एवं उठाव, सामुदायिक बाड़ी विकास, भूतपूर्व पंचायत एवं पदाधिकारियों से लंबित वसूली, जाति प्रमाण पत्र, धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर का संचालन सहित अन्य संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी रोहित व्यास, संयुक्त कलेक्टर द्वय तीर्थराज अग्रवाल एवं नम्रता आनंद डोगरें, सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।