सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
बिलासपुर के किसानों को राहत, 15 जुलाई तक किसान करा सकेंगे फसल बीमा
बीमा के संबंध में जानकारी के लिए बीमा कंपनी ने जारी किया टोल फ्री नंबर, 1800-209-5959 काल कर ले सकते हैं जानकारी
बिलासपुर- मौसम की बेरुखी के साथ ही किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। इधर केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों का बीमा कराने का लक्ष्य देशभर के राज्य सरकार को दी है। खंडवृष्टि के बीच माना जा रहा है कि इस बार ज्यादा किसान फसल बीमा कराएंगे। केंद्र सरकार ने फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराने के लिए किसानों को 15 जुलाई तक की मोहलत दी है।
किसानों को फसल बीमा कराने प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन ने गांव-गांव फसल बीमा रथ घुमाने का काम प्रारंभ किया है। कृषि विभाग के अधिकारी व बीमा कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ गांवों में किसानों के बीच पहुंच रहे हैं और बीमा कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। फसल खराब होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति की राशि देने की जानकारी भी दे रहे है। फसल बीमा कंपनी द्वारा एक से सात जुलाई तक जिले के विभिन्न् गांवों में फसल बीमा योजना के संबंध में किसानों एवं ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है।
