सीजी राइट टाइम्स न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट
मुंगेली- पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य षड्यंत्रकारी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। तरवरपुर सोसायटी प्रबंधक नेतराम साहू ने अपने प्रतिद्वंद्वी को रास्ते से हटाने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने 4 आरोपियों व एक नाबालिग को पकड़कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना का विवरण 10 सितंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे ग्राम दाबो, थाना फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र में युवक हेमप्रसाद साहू की लोहे के पाइप से वार कर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने मृतक का मोबाइल और उसके साथी हेमचंद साहू की मोटरसाइकिल भी लूट ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 53/25 धारा 103(1), 309(4), 238, 61(2)(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच और पुलिस की रणनीति
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। साइबर सेल और थाना पुलिस ने मिलकर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही सुनील साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया— उसके जीजा नेतराम साहू ने उसे 50 हजार रुपये देकर अपने विरोधी को खत्म करने की सुपारी दी थी।
हत्या की साजिश और क्राइम का तरीका
नेतराम साहू तरवरपुर सोसायटी में प्रबंधक था। उसके खिलाफ धान खरीदी में अनियमितताओं को लेकर तुलसी साहू और उसके बेटे नरेन्द्र उर्फ पप्पू ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके चलते नेतराम को नौकरी से निष्कासित होना पड़ा। हालांकि बाद में उसे पुनः नियुक्ति का आदेश मिला, लेकिन शिकायतकर्ता उसे ज्वाइनिंग नहीं करने दे रहे थे। इसी रंजिश में उसने पप्पू की हत्या की साजिश रची।
लेकिन योजना के दौरान आरोपियों ने गलती से नरेन्द्र (पप्पू) की जगह हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी।
हत्या की रात चार आरोपी – सुनील साह, शुभम पाल, गौकरण साहू और एक नाबालिग – लोहे के पाइप लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने शराब पीने के बहाने मृतक और उसके साथी से बातचीत की और फिर हेमप्रसाद पर बार-बार हमला कर दिया। हमले में हेमप्रसाद की मौत हो गई जबकि उसका साथी हेमचंद किसी तरह बच निकला।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के पाइप, मृतक का मोबाइल, प्रार्थी की मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नेतराम साहू की बोलेरो कार जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं –
1. नेतराम साहू, उम्र 43 वर्ष, निवासी सिल्ली
2. सुनील साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी पौनी पुसेरा, जिला कबीरधाम
3. शुभम पाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी चकरभाठा, जिला बिलासपुर
4. गौकरण साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी बड़े पौनी, जिला मुंगेली
5. एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी गिरिजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी सुशील कुमार बंछोर, उप निरीक्षक पारखराम साहू, सउनि विजय बंजार समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की इस बड़ी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि चाहे अपराध कितना भी योजनाबद्ध और जटिल क्यों न हो, अपराधियों को कानून के शिकंजे से बचना असंभव है। एक पुरानी रंजिश में रची गई हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर पुलिस ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि इलाके में विश्वास और कानून-व्यवस्था की मजबूती भी दिखाई है।
