लोक अदालत 18 जुलाई को.......
सफल आयोजन हेतु बैठक का किया गया आयोजन.............
CG. Right Times news.............
मुंगेली, - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेक बाउंस प्रकरणों के अधिकाधिक राजीनामे के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमति गिरिजा देवी मेरावी ने कहा कि चेक बाउंस से संबंधित प्रकरण राजीनामा योग्य होते हैं, जिनका समाधान विशेष लोक अदालत के माध्यम से सरल, सुलभ और कम समय में किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में विवादों के सौहार्दपूर्ण निपटारे से पक्षकारों का समय, धन और अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया की बचत होती है तथा न्याय सुलभ और प्रभावी बनता है। इस अवसर पर प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमति जसविन्दर कौर अजमानी मलिक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमति कंचन लता आचला तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में न्यायाधीशों एवं अधिकारियों को विशेष लोक अदालत के उद्देश्य, कार्ययोजना एवं समन्वय की रूपरेखा से अवगत कराया गया। सभी संबंधित विभागों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक पात्र प्रकरणों को लोक अदालत के लिए चिन्हित कर पक्षकारों को समझाइश दें, ताकि विवादों का आपसी सहमति से शीघ्र और प्रभावी निराकरण हो सके। बैठक में विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया, ताकि अधिकाधिक प्रकरणों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
