मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई :- बांधा हत्याकांड का फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार...........
CG. Right Times news.............
मुंगेली - जिले के थाना लालपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इससे पहले इस प्रकरण में छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जमीन विवाद में हुई थी हत्या.........
थाना लालपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 03/26 के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की सुबह ग्राम बांधा निवासी रामकुमार कश्यप (62 वर्ष) की जमीन विवाद के चलते लाठी-डंडे एवं टंगिया के बेंट से मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि सभी आरोपी एक राय होकर मारपीट करते हुए रामकुमार कश्यप पर प्राणघातक हमला किए। इतना ही नहीं, मृतक के शव पर ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया चढ़ा दिया गया।
घटना के दौरान प्रार्थी के चचेरे भाई लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी हत्या की नीयत से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। मामले में धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पहले हो चुकी हैं छह आरोपियों की गिरफ्तारी.......
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 जनवरी 2026 को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
बिलासपुर के एकतानगर से पकड़ा गया फरार आरोपी*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में सायबर सेल और लालपुर पुलिस की टीम फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी।
22 फरवरी 2026 को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने बिलासपुर के एकतानगर क्षेत्र में छिपे फरार आरोपी अन्नु कुमार चंद्राकर (23 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका..........
इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले सहित सायबर सेल एवं थाना लालपुर स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

